भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूर्ण करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में इन ऐतिहासिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए "विश्वास से विकास, सेवा से सुशासन" अभियान के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम संचालित करेगी।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  मदन राठौड़ ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नरेंद्र मोदी ने देश के विकास को नई दिशा दी। जिन 18 हजार से अधिक गांवों में बिजली नहीं पहुंची थी, वहां बिजली पहुंचाने का कार्य किया गया। आज भारत बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन चुका है और किसानों, उद्योगों तथा आम नागरिकों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से करोड़ों घरों तक पेयजल पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य हुआ है। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, बांधों का सुदृढ़ीकरण तथा जल संरक्षण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रयास किए गए हैं। रेलवे के क्षेत्र में व्यापक आधुनिकीकरण हुआ है। देश के अधिकांश ब्रॉडगेज रेलमार्गों का विद्युतीकरण किया गया है तथा रेलवे स्टेशनों और प्लेटफॉर्मों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों ने भारत को नई आर्थिक शक्ति प्रदान की है। भारतमाला परियोजना के माध्यम से आधुनिक सड़क नेटवर्क का विस्तार हुआ है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की गई है।  राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई गई है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में लगातार वृद्धि की गई तथा फसल बीमा योजना को अधिक प्रभावी बनाया गया है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए स्वदेशी हथियारों, मिसाइलों और रक्षा उपकरणों के निर्माण को प्रोत्साहित किया गया है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। सर्जिकल स्ट्राइक और आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई ने दुनिया को भारत की शक्ति का परिचय कराया है। भारत आज वैश्विक मंच पर मजबूती से अपनी बात रखने वाला राष्ट्र बन चुका है। राठौड़ ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने न केवल अपने नागरिकों की रक्षा की बल्कि दुनिया के अनेक देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर मानवता की सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। चंद्रयान मिशन की सफलता ने भारत का तिरंगा चंद्रमा तक पहुंचाया और देश की वैज्ञानिक क्षमता का लोहा पूरी दुनिया ने माना। राठौड़ ने कहा कि जनधन योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी अनेक योजनाओं ने गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। योग को वैश्विक पहचान दिलाकर प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत "वसुधैव कुटुंबकम्" की भावना के साथ विश्व कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। वैश्विक संकटों और युद्ध जैसी परिस्थितियों में भी भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की तथा राष्ट्रीय हितों की रक्षा की है। राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आगामी जनसंपर्क अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की इन ऐतिहासिक उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे तथा देश के विकास और परिवर्तन की इस यात्रा से आमजन को अवगत कराएंगे।