सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट साझा करने के मामले में सिविल लाइन थाना से महीनों से फरार चल रहे यूट्यूबर मनीष पटेल ने आखिरकार कानून के आगे घुटने टेक दिए हैं। पुलिस के बढ़ते दबाव और हाई कोर्ट से भी अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद आरोपी यूट्यूबर मनीष पटेल ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षण विजय सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि यह पूरा विवाद इसी वर्ष 29 जनवरी को शुरू हुआ था। यूट्यूबर मनीष पटेल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक बेहद आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी, जिससे ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुईं। पोस्ट वायरल होते ही समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। इसके बाद ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में विधिवत एफआईआर (FIR) दर्ज की थी।एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही आरोपी मनीष पटेल गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। इस दौरान उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थानीय अदालत से लेकर हाई कोर्ट तक अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी। हालांकि, पुलिस द्वारा प्रस्तुत किए गए मजबूत तथ्यों और समाज में फैले आक्रोश के मद्देनजर अदालत ने उसकी सभी याचिकाएं सिरे से खारिज कर दीं। टावर लोकेशन के आधार पर पुलिस की घेराबंदी तेज होने के बाद आरोपी के पास सरेंडर करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि आत्मसमर्पण के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने कुछ अन्य डिजिटल उपकरणों और लैपटॉप का भी जिक्र किया है, जिसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर है। सोशल मीडिया पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि पूछताछ में अन्य तथ्य सामने आते हैं, तो रिमांड की अवधि बढ़ाने की मांग की जाएगी, अन्यथा अवधि समाप्त होने पर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।"पुलिस इस मामले में यह भी जांच कर रही है कि इस विवादित पोस्ट को तैयार करने या इसे बढ़ावा देने में क्या मनीष पटेल के साथ कुछ और लोग भी शामिल थे। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।
