बकरीद का त्योहार नजदीक आते ही बुरहानपुर का ऐतिहासिक बकरा बाजार गुलजार हो गया है। लेकिन इस बार बाजार में कुछ खास बकरे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कोई काजू-बादाम खाता है, तो कोई मीठा पान खाने का शौकीन है… और एक बकरा ऐसा भी है जो रोजाना अपने मालिक के साथ चाय पीने पहुंचता है। इन खास बकरों को देखने के लिए बाजार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।बुरहानपुर जिले में बकरीद को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के पाला बाजार में लगने वाला ऐतिहासिक बकरा बाजार इन दिनों पूरी तरह गुलजार नजर आ रहा है। बाजार में विभिन्न नस्लों और अलग-अलग खासियत वाले बकरे बिक्री के लिए लाए गए हैं,लेकिन इस बार सबसे ज्यादा चर्चा उन बकरों की हो रही है, जो आम बकरों की तरह सिर्फ हरा चारा और दाना नहीं खाते, बल्कि ड्रायफ्रूट्स, पान और चाय के शौकीन हैं।बाजार में मौजूद दो बकरों को उनके मालिक रोजाना काजू, बादाम और मीठा पान खिलाते हैं। वहीं एक खास बकरा ऐसा भी है, जो अपने मालिक के साथ रोज इक़बाल चौक पर चाय पीने पहुंचता है। बताया जा रहा है कि यह बकरा बिना चाय पिए सुस्त हो जाता है, इसलिए मालिक उसे नियमित रूप से स्पेशल चाय पिलाने लेकर आते हैं।चाय पीते इस बकरे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो जाती है। कई लोग उसके साथ सेल्फी लेते नजर आते हैं। बच्चे और युवा खास तौर पर इन बकरों को देखने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं।बकरीद के चलते बाजार में रोजाना 100 से अधिक बकरों की खरीदी-बिक्री हो रही है। व्यापारी दूर-दूर से विभिन्न नस्लों के बकरे लेकर पहुंचे हैं। लेकिन “टी लवर”, “ड्रायफ्रूट्स लवर” और “पान लवर” बकरों ने इस बार बाजार की रौनक और बढ़ा दी है व्यापारियों का कहना है कि इन खास बकरों को पालने में विशेष देखभाल की जाती है और उनके खान-पान पर भी खास ध्यान दिया जाता है। यही वजह है कि लोग इन्हें देखने और खरीदने में खास रुचि दिखा रहे हैं।बकरीद से पहले बुरहानपुर का यह अनोखा बकरा बाजार लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जहां शौकीन बकरों की चर्चा हर जुबान पर है।