राजस्थान में मौसम ने फिर से करवट बदल ली है, देर से आया मानसून अब जमकर बरस रहा है। राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में गुरुवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर आज भी जारी है। आपको बता दे की चित्तौड़गढ़ जिले में 12 घंटे में ढाई इंच तक पानी बरसा है। जिले के निंबाहेड़ा और कपासन में भारी बारिश से हालत बिगड़ गए हैं। बांसवाड़ा शहर में शुक्रवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने कोटा, बारां और झालावाड़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, जैसलमेर को छोड़कर पूरे राजस्थान में यलो अलर्ट जारी है। राज्य में अगले दो सप्ताह बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट हुई है। इससे पहले भी 16 से ज्यादा जिलों में 2 इंच तक बरसात दर्ज की गई हैं। तेज बारिश के बीच डूंगरपुर में बिजली गिरने से दो नाबालिग भाई झुलस गए। इनमें एक भाई की इलाज के दौरान जान चली गयी है। तेज बारिश के कारण चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, राजसमंद के शहर इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो गया है। इन जिलों के कई गांव भी पानी जमा होने से परेशानी का सामना कर रहे है | चित्तौड़गढ़ की कपासन और निंबाहेड़ा तहसील में रातभर हुई बारिश के कारण कई रास्ते जाम हो गए हैं। गाड़ियां फंसने से लोग परेशान हो रहे हैं। गुरुवार को एंट्री करने के बाद मानसून का असर जोरदार हो गया है । पहले दिन ही अलवर, झुंझुनूं, सीकर, उदयपुर, भरतपुर, करौली, अजमेर के कई इलाकों में दो इंच से ज्यादा बरसात हुई है। साथ ही झालावाड़, बारां में तेज बारिश हुई। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा टोंक, जयपुर और अलवर से होकर गुजर रही है तथा अगले चार दिन में यह पूरे राजस्थान को कवर कर लेगी । लगातार बारिश से तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट हुई है। राजधानी जयपुर में गुरुवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बादलों और ठंडी हवा के कारण जयपुर में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई यह अब 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
