क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा मंगलवार को तीर्थनगरी ओंकारेश्वर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया।
पंडितों ने कराया विशेष पूजन
मंदिर पहुंचने पर स्थानीय आचार्यों ने उन्हें धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजन कराया। पंडित नीलेश पुरोहित और पंडित बाबा शुक्ला ने गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरा अनुष्ठान संपन्न कराया। अनुष्ठान के बाद उन्होंने भगवान भोलेनाथ का नमन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की।
धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है ओंकारेश्वर
नर्मदा नदी के तट पर बसा ओंकारेश्वर देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में शुमार है। यहां हर रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा स्नान और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अपने शांत आध्यात्मिक वातावरण और धार्मिक महत्व के कारण यह तीर्थस्थल आम लोगों के साथ देश की कई जानी-मानी हस्तियों को भी आकर्षित करता है।
