अलवर में मीडिया से मुखातिब हुए बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और पंजाब-जम्मू कश्मीर के प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां ने दावा किया है कि पार्टी पंजाब में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और इसका मुख्य उद्देश्य जीत दर्ज करना होगा।
पूनियां ने अलवर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ कानून-व्यवस्था, नशा और भ्रष्टाचार जैसे मामलों को लेकर जनता में गहरी नाराजगी है। वहीं, कांग्रेस पार्टी अंदरूनी कलह से जूझ रही है। इस राजनीतिक शून्य में जनता बीजेपी को एक मजबूत विकल्प के तौर पर देख रही है।
पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान और अमित शाह का संकल्प
नशे के मुद्दे पर बोलते हुए राज्यसभा सांसद पूनियां ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब को 31 दिसंबर 2029 तक पूरी तरह नशामुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। इसी दिशा में बीजेपी संगठन और समाज दोनों स्तर पर काम कर रहा है।
पूनियां ने बताया कि पार्टी ने पंजाब में 18 से 30 सितंबर के बीच चार हजार किलोमीटर लंबी चार यात्राएं निकाली थीं, जिनके जरिए सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंच बनाई गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान ऐसे कई दर्दनाक मामले सामने आए जिन्होंने झकझोर कर रख दिया। एक परिवार में एक मां के पांचों बेटों की नशे की लत से मौत हो गई, तो एक अन्य घटना में नशे के लिए बेटे ने अपनी मां को ही गोली मार दी।
'युवा एकजुट हुए तो देश से गायब हो जाएगा नशा'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत अलवर में आयोजित वॉकथॉन में युवाओं से संवाद करते हुए पूनियां ने कहा कि देश का नौजवान जब नशे के खिलाफ ठान लेगा, तो यह बुराई समाज से जड़ उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने इस मुहिम में 'माय भारत' की टीम के योगदान की सराहना की।
अभिभावकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि माता-पिता की पहली प्राथमिकता बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर या आईएएस-आईपीएस बनाने की होती है, लेकिन इससे पहले यह देखना जरूरी है कि बच्चा गलत संगत और नशे की चपेट में तो नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि बच्चा सुरक्षित रहेगा तभी भविष्य के सपने साकार हो पाएंगे।
राजस्थान में कार्रवाई और वसुंधरा राजे पर बयान
राजस्थान के संदर्भ में बात करते हुए पूनियां ने दावा किया कि मौजूदा भजनलाल सरकार के कार्यकाल में पिछली कांग्रेस सरकार की तुलना में नशे के खिलाफ करीब चार गुना ज्यादा सख्त कार्रवाई की गई है। तस्करों की गिरफ्तारी के साथ अवैध मादक पदार्थ बनाने वाली फैक्ट्रियों पर भी छापे मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि करीब 1100 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर फेंसिंग और कड़ी निगरानी से तस्करी पर लगाम लगाई जा रही है।
आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि हालिया निकाय चुनावों में मिली जीत से पार्टी का उत्साह बढ़ा है। सरकार के पिछले ढाई साल के कामों के दम पर पार्टी ग्रामीण चुनावों में उतरेगी।
पार्टी में अंदरूनी कलह के सवालों पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का बचाव किया। पूनियां ने कहा कि वसुंधरा राजे पार्टी की वरिष्ठ और प्रतिष्ठित नेता हैं, जिन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष जैसी अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके जैसे बड़े कद के नेता के साथ 'नाराजगी' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना पूरी तरह बेमानी है।
{ "@context": "https://schema.org", "@graph": [
] }
