ब्यावर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के चौथे चरण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को स्थानीय एसडी कॉलेज परिसर से अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को ईवीएम और जरूरी चुनावी सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। दलों की रवानगी से पहले वाहन पार्किंग और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और स्वतंत्र ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ ही शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और बिजली की निरंतर आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
इन क्षेत्रों में होगी वोटिंग, 3.28 लाख मतदाता डालेंगे वोट
चौथे चरण के तहत ब्यावर जिले की मसूदा, रायपुर और बदनोर पंचायत समितियों के साथ जिला परिषद सदस्यों के चुनाव कराए जा रहे हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक, 14 नवंबर को जिला परिषद के 13 सदस्यों और पंचायत समिति के 61 वार्डों के लिए मतदान होगा। इसके बाद 16 नवंबर को जिले की 100 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे।
इस चरण में कुल 360 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3 लाख 28 हजार 76 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 65 हजार 444 पुरुष, 1 लाख 62 हजार 617 महिला और 6 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जबकि पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।
मतगणना और उपसरपंच चुनाव का शेड्यूल
16 नवंबर को सरपंच और पंच पद के मतदान के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही वोटों की गिनती की जाएगी। इसके अगले दिन यानी मंगलवार, 17 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव आयोजित होंगे। वहीं, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को होगी। निर्वाचन विभाग ने मतदान के बाद ईवीएम को सुरक्षित रूप से संग्रहण स्थल तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं।
