पाली: पाली जिले वालों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आयी है आपको बता दे जोधपुर डिस्कॉम ने गुंदोज में 132 केवी विद्युत ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) के निर्माण के लिए 76.02 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी लो-वोल्टेज, अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। इसका सीधा लाभ गुंदोज, कुरना, सकदड़ा, टेवाली, डेंडा, गुढा ऐंदला, खोड समेत करीब 50 गांवों और उनसे जुड़े हजारों बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा। वर्तमान में लंबी विद्युत लाइनों और बढ़ते लोड के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति लगातार प्रभावित होती है, जिससे किसानों को सिंचाई में परेशानी का सामना करना पड़ता है और घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे उद्योगों का काम भी प्रभावित होता है। पशुपालन एवं गोपाल मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि नए 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन के शुरू होने के बाद बिजली का लोड पूरी तरह संतुलित हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के सभी 33 केवी सब स्टेशनों को बेहतर गुणवत्ता की बिजली मिल सकेगी। साथ ही किसानों को पर्याप्त थ्री-फेज बिजली उपलब्ध होगी, जिससे कृषि कार्यों में आसानी होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अधिक विश्वसनीय बनेगी। सरकार के अनुसार यह परियोजना सुमेरपुर क्षेत्र के विद्युत ढांचे को नई मजबूती देगी और भविष्य में बढ़ती बिजली मांग को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा। राज्य सरकार प्रदेशभर में बिजली तंत्र के आधुनिकीकरण, ग्रिड नेटवर्क को मजबूत करने और अक्षय ऊर्जा के विस्तार पर भी तेजी से काम कर रही है। सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने, ट्रांसमिशन एवं वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आधुनिक तकनीक के जरिए बिजली आपूर्ति को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में गुंदोज 132 केवी जीएसएस परियोजना को पाली जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बिजली संकट के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।