'बिग बॉस 20' के घर में कंटेस्टेंट्स के बीच तीखी नोकझोंक और झगड़ों का सिलसिला जारी है। हाल ही में लव और स्काउट के बीच तीखी बहस सामने आई, जिसके बाद अब स्काउट की मां का एक ऑडियो संदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने मेकर्स और चैनल पर प्रोमो के जरिए उनके बेटे की छवि को गलत ढंग से पेश करने का गंभीर आरोप लगाया है।
लव और स्काउट के बीच तीखी नोकझोंक
घर के अंदर हालिया एपिसोड में लव और गुल्लू के बीच हल्की-फुल्की बातचीत चल रही थी। इस दौरान लव ने मजाक में सलमान खान का मशहूर गाना 'मैं करूं तो कैरेक्टर ढीला है' गाया, जिस पर स्काउट भड़क गए। स्काउट ने तीखे अंदाज में कहा, "कैरेक्टर पहले से ढीला था, तुझे करने की जरूरत नहीं है।"
बातचीत यहीं नहीं रुकी और दोनों के बीच कपड़ों को लेकर भी विवादित टिप्पणियां हुईं। हालांकि, लव ने इसे मजाक में लेते हुए हंसकर टाल दिया और स्काउट को बकवास बंद करने की हिदायत दी। शो में स्काउट का गेम जिस तरह दोस्ती और आपसी तकरार के बीच उलझता दिख रहा है, उसे लेकर सोशल मीडिया पर दर्शक बंटे हुए हैं।
मां ने जारी किया ऑडियो, कहा- प्रोमो से हो रही है गलत इमेज पेश
बेटे की सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना के बीच स्काउट की मां ने एक ऑडियो संदेश जारी कर उनका खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने दर्शकों से अपील करते हुए कैप्शन में लिखा कि सिर्फ भ्रामक प्रोमो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें।
ऑडियो में उन्होंने कहा, "मैं एक मां होने के नाते अपनी बात रखना चाहती हूं। जब होस्ट सलमान खान का एक एडिटेड प्रोमो सामने आया था, तब उन्हें खुद आकर सफाई देनी पड़ी थी कि अधूरे प्रमोशन से कैसे गलत धारणा बनती है। आज वही चीज मेरे बेटे के साथ होते देख बहुत तकलीफ होती है। स्काउट का शो के बाहर भी करियर है, परिवार है और उसे आगे भी काम करना है।"
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कई बार साधारण पलों, जैसे माइक एडजस्ट करने या टास्क से जुड़े दृश्यों को एडिट करके ऐसा दिखाया जाता है जैसे कोई बड़ा विवाद हो गया हो।
यंग और स्काउट की दोस्ती में दरार
इससे पहले शो में जिगरी दोस्त माने जाने वाले यंग और स्काउट के बीच भी भीषण टकराव देखने को मिल चुका है। टॉर्चर टास्क के दौरान उदिति को परेशान करने के लिए स्काउट ने उनकी फैमिली फोटो जलाने की कोशिश की थी, जिस पर यंग डीएसए अपना आपा खो बैठे थे।
इस दौरान दोनों के बीच गाली-गलौच, धक्का-मुक्की और हाथापाई तक नौबत आ गई थी। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद स्काउट ने अपने बाल मुंडवा लिए थे और बाद में यंग से गले मिलकर माफी मांगते हुए नजर आए थे।
