भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा राजस्थान की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर जयपुर के प्रताप नगर स्थित निर्मला ऑडिटोरियम में “छात्रा—युवती सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र निर्माण में अनेक ऐसे राष्ट्रनायकों का अमूल्य योगदान रहा, जिनके बारे में समाज, विशेषकर युवाओं को पर्याप्त जानकारी नहीं मिल सकी। हमारे इतिहास को सीमित दायरे में प्रस्तुत किए जाने के कारण अनेक महान विभूतियों के त्याग, तप और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से नई पीढ़ी अनभिज्ञ रह गई। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि छात्राओं और युवाओं को ऐसे महापुरुषों के जीवन, विचारों और बलिदान से परिचित कराया जाए।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के कश्मीर की पूर्ण एकात्मता के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रसेवा के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों ने भारत की अखंडता और एकात्मता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनके विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।सम्मेलन की मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद डॉ अलका गुर्जर ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण, असम, बंगाल और कश्मीर के भारत की एकात्मता में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने धारा 370 के संदर्भ में उनके संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर को विकास और समान अधिकारों की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया गया। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं और बेटियों के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे सामाजिक और राजनीतिक विषयों की जानकारी रखें, राष्ट्र के इतिहास को समझें तथा देश निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।भाजपा महिला मोर्चा राजस्थान की प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ ने कहा कि महिला मोर्चा आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के छात्रा संवाद एवं युवती सम्मेलन आयोजित करेगा। इससे छात्राओं और युवाओं को राष्ट्रनायकों के जीवन, उनके विचारों, त्याग और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की समग्र जानकारी मिल सके तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने की भावना विकसित हो। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अरुण सिहाग, मूर्ति मीणा एवं प्रदेश पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में महाविद्यालयों की छात्राएं एवं स्कूली बालिकाएं उपस्थित रहीं।
