रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में दो दिनों तक चली भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आज समापन हो गया।प्रदेश की राजनीति और संगठन के लिहाज से अहम मानी जा रही इस बैठक में भाजपा के शीर्ष नेताओं ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर मंथन किया। राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिव प्रकाश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी चुनौतियों से निपटने का मंत्र दिया।प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन दिवस पर संगठन से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा हुई।राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, अनुशासन और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का पाठ पढ़ाया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार की उपलब्धियों के साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।नेताओं ने साफ संदेश दिया कि मजबूत संगठन ही आने वाली राजनीतिक चुनौतियों का सबसे बड़ा आधार है।दो दिनों तक चले मंथन के दौरान पार्टी की आगामी रणनीति, संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को सफल बनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।ओरछा में हुई इस बैठक के जरिए भाजपा ने धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश के साथ-साथ संगठनात्मक एकजुटता और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश भी दिया।कुल मिलाकर, रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में दो दिनों तक चला भाजपा का यह महामंथन अब समाप्त हो गया है...लेकिन बैठक से निकले संदेश और संगठन को दिए गए निर्देशों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की आगामी सक्रियता अब देखने वाली होगी।