सावर। कस्बे के बस स्टैंड चौक स्थित भाजपा कार्यालय पर सोमवार को आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर बावन माता भाजपा मंडल सावर की ओर से भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए और नगरपालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने का संकल्प लिया।सम्मेलन के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के दम पर आगामी चुनावों में सावर नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि सावर में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद पूर्व में नगरपालिका में हुए कथित भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए एसआईटी टीम का गठन कर जांच करवाई जाएगी।भाजपा के अजमेर जिला देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे चुनाव के दौरान भाजपा सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करें।
सम्मेलन में नगरपालिका के सभी 20 वार्डों में होने वाले चुनाव को लेकर संभावित उम्मीदवारों के चयन के लिए फीडबैक भी लिया गया। कई संभावित उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ सम्मेलन में पहुंचे सकार्यक्रम में भाजपा देहात जिला उपाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह शक्तावत, पूर्व प्रधान भूपेंद्र सिंह शक्तावत, चुनाव संयोजक एवं जिला महामंत्री रायचंद बागड़ी, बावन माता भाजपा मंडल सावर अध्यक्ष राजवीर हावा सहित चुनाव प्रभारी, पर्यवेक्षक, वार्ड प्रभारी एवं सह-प्रभारियों ने संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर अपने विचार रखे। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने और सावर नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने की हुंकार भरी।
सावर में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन
राज्य समाचार
