निकाय चुनाव 2026 के नामांकन के दौरान फतेहपुर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एसडीएम कार्यालय के बाहर उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच विवाद के बाद खूनी झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। मारपीट की घटना में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया के दौरान एसडीएम कार्यालय के बाहर उम्मीदवारों के समर्थक मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला करने के आरोप लगाए गए हैं।घटना के बाद एसडीएम कार्यालय के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए एसडीएम कार्यालय के बाहर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है।घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ ही विवाद के कारणों और हमले में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।निकाय चुनाव के नामांकन के बीच हुई इस झड़प ने क्षेत्र में चुनावी माहौल को गरमा दिया है।