मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को INDIA ब्लॉक के सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग (ECI) मुख्यालय तक मार्च निकाला। संसद के मकर द्वार से शुरू हुए इस मार्च को सुरक्षा बलों ने नीति आयोग कार्यालय के पास रोक लिया, जिसके बाद विपक्षी नेताओं ने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई प्रमुख नेताओं को हिरासत में ले लिया।
बैरिकेड पर चढ़े राहुल, धरने पर बैठीं प्रियंका
नीति आयोग के पास रोके जाने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़ गए और हाथ में तिरंगा लहराया। उनके साथ कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा भी बैरिकेड के पास धरने पर बैठ गईं। देखते ही देखते सड़क पर कई विपक्षी सांसद धरने में शामिल हो गए।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने संसद भवन से लेकर चुनाव आयोग कार्यालय और नीति आयोग के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात कर रखा था और कई स्तर के बैरिकेड लगाए गए थे।
हिरासत से छूटने के बाद फिर आगे बढ़े राहुल
पुलिस हिरासत से छूटने के बाद राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग कार्यालय तक पहुंचने की कोशिश की। वह आकाशवाणी भवन के रास्ते ईसी दफ्तर की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मुख्य गेट पर ही रोक लिया। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ही रखा है।
खरगे और अखिलेश के तीखे तेवर
संसद भवन के मकर द्वार से शुरू हुए इस मार्च के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष की प्राथमिकता देश के नागरिकों के वोट और उनकी आजादी की रक्षा करना है और यह विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी मार्च में शामिल होकर सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संघर्ष से घबराने वाली नहीं है और पुलिस ने बीजेपी के दबाव में आकर बैरिकेड लगाकर रास्ता रोका है। अखिलेश ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखने का ऐलान किया और 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के जरिए बीजेपी को चुनौती देने की बात दोहराई।
{ "@context": "https://schema.org", "@graph": [
] }
