छिंदवाड़ा में प्रभारी आरटीओ अधिकारी के खिलाफ मनमानी, भ्रष्टाचार और आम जनता को परेशान करने के गंभीर आरोप लगे हैं। जिला कांग्रेस दल के जिला प्रभारी राकेश मरकाम ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रभारी आरटीओ को तत्काल हटाने और स्थायी आरटीओ की नियुक्ति की मांग की है।छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट पहुंचे जिला कांग्रेस दल के जिला प्रभारी राकेश मरकाम ने प्रभारी आरटीओ अधिकारी के खिलाफ ज्ञापन सौंपते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। ज्ञापन में कहा गया कि वाहन संबंधी कार्यों में अनावश्यक दस्तावेज मांगे जाते हैं, फाइलों पर बिना वजह आपत्तियां लगाकर आम लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर कटवाए जाते हैं।ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, स्कूल बस चेकिंग और अन्य वाहन संबंधी कार्यों में नियमों के विपरीत वसूली की जा रही है, जिससे वाहन मालिक, चालक और आम नागरिक परेशान हैं।ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि प्रभारी आरटीओ अधिकारी को तत्काल प्रभाव से हटाकर छिंदवाड़ा में स्थायी आरटीओ की नियुक्ति की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।