छिंदवाड़ा के महाकौशल प्रांत में विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल की ओर से दूसरी बार त्रिशूल दीक्षा और शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान युवाओं ने देश, धर्म और राष्ट्र की रक्षा के साथ-साथ हिंदू संस्कृति, धार्मिक स्थलों और सामाजिक मूल्यों की सुरक्षा का संकल्प लिया।
सेवा कार्यों और स्वास्थ्य शिविरों की जानकारी
संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरानVHP और बजरंग दल की ओर से चलाए जा रहे सेवा कार्यों का ब्योरा दिया। पदाधिकारियों ने बताया कि वनवासी क्षेत्रों में नियमित रूप से मेडिकल कैंप लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जाती है और जरूरत मंदों को दवाइयां मुहैया कराई जाती हैं।
इसके साथ ही, हर साल 30 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने इसे सामाजिक जागरूकता, सेवा और सांस्कृतिक संरक्षण से जुड़ा अभियान बताया।
त्योहारों और कानून-व्यवस्था पर जोर
आगामी नवरात्रि और अन्य प्रमुख त्योहारों को देखते हुए कार्यक्रम में सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों का विरोध करते हुए कहा कि ऐसी किसी भी स्थिति में प्रशासन से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
संगठन की ओर से साफ किया गया कि इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ वे अपने स्तर पर भी विरोध दर्ज कराएंगे। शौर्य यात्रा के दौरान शहर में युवाओं का भारी उत्साह देखने को मिला।
