छिंदवाड़ा के सस्ती माता मंदिर में धार्मिक आयोजनों की शुरुआत हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर में विशेष हवन-पूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
भक्तों ने हवन कुंड में आहुतियां देकर माता रानी से क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस धार्मिक अनुष्ठान के अगले चरण में शाम को कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें कन्याओं को भोजन कराकर आशीर्वाद लिया गया।
19 अक्टूबर को निकलेगी कलश यात्रा
मंदिर समिति के अनुसार, आगामी 19 अक्टूबर को मंदिर परिसर से एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सस्ती माता मंदिर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
यात्रा के समापन के बाद मंदिर में सुहागले पूजन का कार्यक्रम तय किया गया है। इस दौरान क्षेत्र की सुहागिन महिलाओं को सुहाग सामग्री भेंट कर मातृ शक्ति का सम्मान किया जाएगा। इन आयोजनों के बाद महाप्रसादी के रूप में भव्य भंडारे का आयोजन होगा।
श्रद्धालुओं में उत्साह
मंदिर में चल रहे इन आयोजनों को लेकर स्थानीय भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पंडित गंगा प्रसाद तिवारी ने बताया कि मंदिर में होने वाले सभी धार्मिक अनुष्ठान पूरी श्रद्धा के साथ संपन्न कराए जा रहे हैं, जिसमें सभी भक्तों का सहयोग मिल रहा है।
