देवली-उनियारा क्षेत्र में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसे लेकर क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र गुर्जर ने देवली देहात, नासिरदा और दूनी क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में विधायक ने आगामी चुनावों में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जुटने का आह्वान किया।
इस दौरान देवली नगर पालिका अध्यक्ष कजोड़ी देवी, वाइस चेयरमैन नेमीचंद जैन और नवनिर्वाचित पार्षदों ने विधायक का स्वागत किया और उन्हें सांवरिया सेठ का चित्र भेंट किया। बैठक की शुरुआत मां भारती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।
टिकट वितरण और सर्वे पर जोर
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए पार्टी स्तर पर सर्वे कराया जाएगा। टिकट भले ही किसी एक व्यक्ति को मिले, लेकिन सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राजस्थान की भजनलाल सरकार के कामकाज से जनता संतुष्ट है। नगर निकाय चुनावों की तरह ही पंचायती राज चुनावों में भी भाजपा अपना परचम लहराएगी और क्षेत्र में प्रधान व जिला प्रमुख भाजपा के ही बनेंगे।
