टोंक-सवाई माधोपुर सांसद हरिश्चंद्र मीणा ने देवली के कांग्रेस कार्यालय में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक ली। पंचायत चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद हुई इस बैठक में सांसद ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने और पार्टी उम्मीदवारों को जिताने का मूल मंत्र दिया।
बैठक के दौरान सांसद मीणा ने दावा किया कि आगामी पंचायती राज चुनाव में जिला प्रमुख और प्रधान कांग्रेस पार्टी के ही बनेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी पंचायत चुनाव से डर रही है, इसी वजह से सरकार चुनाव को आगे खिसकाने का प्रयास कर रही थी ताकि सत्ता सुरक्षित रह सके।
टिकट वितरण और भीतरघात पर दो-टूक
सांसद ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी जिसे भी टिकट दे, सभी को एकजुट होकर उसे जिताना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट किसी एक को ही मिलेगा, इसलिए कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी के पक्ष में काम करना चाहिए।
मीणा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पिछले नगरपालिका चुनावों में कांग्रेस को पार्टी के भीतर के लोगों ने ही हराया था, जबकि बीजेपी के पास ऐसी कोई ताकत नहीं थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि यदि किसी को पार्टी के साथ काम करने में रुचि नहीं है, तो वह खुलकर विरोध कर सकता है, लेकिन पीठ पीछे भीतरघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में मौजूद रहे प्रमुख नेता
देवली कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस संगठनात्मक बैठक के दौरान विधानसभा प्रत्याशी कस्तूरचंद मीणा (कैसी मीणा) और ब्लॉक अध्यक्ष महादेव मीणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में आगामी चुनावी रणनीति और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने को लेकर चर्चा की गई।
