देवास के औद्योगिक थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सफेद जहर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टाटा चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो आयशर ट्रकों को रोककर उनकी तलाशी ली, जिनमें से 69 ड्रम अवैध ओपी स्पिरिट (OP Spirit) बरामद की गई है। इस खेप को इंदौर से आष्टा ले जाया जा रहा था।
मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस स्पिरिट का इस्तेमाल नकली शराब बनाने के लिए किया जाना था।
टाटा चौराहे पर पुलिस का जाल
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर औद्योगिक थाना पुलिस ने टाटा चौराहे पर वाहनों की चेकिंग शुरू की थी। कुछ देर बाद इंदौर की तरफ से आ रहे दो आयशर ट्रकों को घेराबंदी कर रोका गया। इनमें से एक ट्रक मध्य प्रदेश पासिंग (MP passing) था और दूसरा उत्तर प्रदेश पासिंग (UP passing) था।
पुलिस ने जब चालकों से माल से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद वाहनों की तलाशी ली गई। एक ट्रक से 34 ड्रम और दूसरे से 35 ड्रम बरामद किए गए। कुल मिलाकर दोनों गाड़ियों से 69 ड्रमों में भरा रासायनिक पदार्थ जब्त किया गया, जिसकी मात्रा और दुर्गंध से अफसरों को तुरंत अवैध स्पिरिट होने का संदेह हुआ।
सरगना तक पहुंचने की कोशिश में जुटी पुलिस
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को औद्योगिक थाने लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि यह खेप इंदौर में कहां से लोड की गई थी और आष्टा में किस अवैध इकाई या व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी।
सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया- "मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो वाहनों में अवैध ओपी स्पिरिट का परिवहन हो रहा है। चेकिंग के दौरान 69 ड्रम बरामद किए गए हैं और दो आरोपियों को पकड़ा गया है।"
यह बरामदगी स्थानीय स्तर पर नकली शराब के अवैध कारोबार के एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करती है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है ताकि नेटवर्क के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।
