यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर पिछले कुछ समय से दो-मिनट के एपिसोड वाले माइक्रो ड्रामा सीरियल्स का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में अब टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने चेहरे भी इन प्लेटफॉर्म्स का रुख कर रहे हैं। आकांक्षा चमोला के बाद अब रियलिटी शो स्टार और 'बिग बॉस ओटीटी' की विनर दिव्या अग्रवाल भी इस फॉर्मेट में एंट्री कर रही हैं। उनकी अपकमिंग माइक्रो ड्रामा सीरीज 'हलाला' का प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।
क्या है 'हलाला' की कहानी और स्टार कास्ट
दिव्या अग्रवाल ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर इस अपकमिंग सीरीज का प्रोमो शेयर किया है। सीरीज की कहानी एक ऐसी लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका निकाह मौलाना के बेटे से होता है और फिर तलाक के बाद उसे हलाला की प्रथा का सामना करना पड़ता है। प्रोमो में दिखाया गया है कि कैसे एक महिला धार्मिक प्रैक्टिस के नाम पर धोखे का शिकार होती है।
रॉकेट रील्स और क्लिफहैंगर के बैनर तले बन रही इस सीरीज में अक्षय डोगरा और अंकित भाटिया जैसे एक्टर्स भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह सीरीज जल्द ही इन्हीं दोनों प्लेटफॉर्म्स पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार है।
निर्माण और निर्देशन की कमान
इस प्रोजेक्ट में दिव्या अग्रवाल सिर्फ एक्टिंग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्होंने इस सीरीज को प्रोड्यूस भी किया है। प्रोमो शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा कि मोहब्बत, रस्में और उनके बीच एक औरत की मर्जी पर आधारित यह कहानी दर्शकों का ध्यान खींचने के साथ कई सवाल भी खड़े करेगी।
इस सीरीज का निर्देशन अमित खन्ना ने किया है। बता दें कि दिव्या अग्रवाल इससे पहले 'बिग बॉस ओटीटी' सीजन 1 की विनर रह चुकी हैं। इसके अलावा वह 'द 50' और 'स्प्लिट्सविला' जैसे रियलिटी शोज का भी हिस्सा रह चुकी हैं। पिछले दिनों उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर कुछ अफवाहें उड़ी थीं, जिन्हें एक्ट्रेस ने खारिज कर दिया था।
