-बिस्टान में बुधवार रात भव्य शिवडोला निकाला गया। भगवान श्री अर्द्धनारीश्वर महाराज 11 आकर्षक झांकियों के साथ नगर भ्रमण पर निकले। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। झांकियों और जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।शाम करीब 7 बजे झांझ-मंजीरों की गूंज के बीच भगवान अर्द्धनारीश्वर की आरती हुई। नगर परिषद अध्यक्ष डेमसिंह नार्वे, तहसीलदार संजय चौहान, सीएमओ संजय कानूनगो और नप अधिकारी नरेंद्रसिंह परिहार सहित श्रद्धालुओं ने आरती कर शिवडोला निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की.इसके बाद भगवान अर्द्धनारीश्वर को चार क्विंटल शुद्ध घी से तैयार मावा-बांटी का भोग लगाया गया और नगर भ्रमण की शुरुआत हुई।शिवडोले में महाकाल, त्रिकाल, जैक्स, तांडव, काल भैरव, शम्भु शासन, बजरंग समिति, सिद्धेश्वर महादेव, पिपलेश्वर महादेव और डेरेश्वर महादेव सहित विभिन्न समितियों की 11 मनोहारी झांकियां शामिल रहीं। आकर्षक विद्युत सज्जा से सजी झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।नगर परिषद अध्यक्ष डेमसिंह नार्वे, उपाध्यक्ष मुकेश राठौर, सभापति प्रह्लाद वास्कले सहित पार्षदों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और फलाहारी प्रसादी वितरित की।शिवडोला बस स्टैंड से होते हुए सेठानी घाट पहुंचा। यहां विभिन्न झांकियां मुख्य कारवां में शामिल हुईं। रात करीब 8 बजकर 15 मिनट पर शिवडोला मारुति मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर पहुंचा।आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली। विभिन्न विभागों के 150 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। वहीं धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने जगह-जगह सेवा स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं के लिए फल, नमकीन और ठंडे पानी की व्यवस्था की।दोपहर में छोटा नागराज मंदिर की झांकी रवाना होने से पहले भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अंकुश जायसवाल ने विशेष पूजन और आरती की।अर्द्धनारीश्वर महाराज के नगर भ्रमण की परंपरा करीब 21 वर्षों से चली आ रही है। बुधवार रात डेरेश्वर महादेव मंदिर में भगवान की मध्यरात्रि में महाआरती की गई।