जयपुर में कांग्रेस विधायक द्वारा भाजपा प्रत्याशीओ को लेकर दिए गए बयान की भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष हामिद खान मेवाती ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के ऐसे बयान यह दर्शाते हैं कि कांग्रेस की जमीन लगातार खिसक रही है और आगामी चुनाव को लेकर उनमें बौखलाहट दिखाई दे रही है।

हामिद खान मेवाती ने कांग्रेस विधायक को जवाब देते हुए कहा, “विधायक जी, समय ही बताएगा कि किसकी जमानत जब्त होती है। जनता सब देख रही है और चुनाव में जनता अपने मत के माध्यम से इसका जवाब देगी।”

उन्होंने कहा कि राजस्थान के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़ जी ने जिस विश्वास के साथ अल्पसंख्यक समाज के कार्यकर्ताओं को भाजपा का प्रत्याशी बनाकर अवसर और जिम्मेदारी दी है, उसके लिए वे उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के प्रत्याशी पूरी मजबूती और समर्पण के साथ जनता के बीच जाएंगे तथा कांग्रेस के गढ़ में भाजपा का परचम लहराने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के साथ जनता के बीच है, जबकि कांग्रेस के पास अब केवल बयानबाजी ही बची है।