सिनेमाघरों में अपनी लंबी पारी खेल रही 'हनुमान अंश' ने रिलीज के 69 दिन पूरे कर लिए हैं। बॉक्स ऑफिस पर सुस्त होने के बजाय फिल्म की रफ्तार ऐसी रही है कि यह अब 500 करोड़ रुपये के क्लब की ओर कदम बढ़ा रही है। नवरात्रि के पर्व पर भी सिनेमाघरों में दर्शकों की मौजूदगी बनी हुई है।
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का दुनियाभर में कुल ग्रॉस कलेक्शन 439.98 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इसमें भारतीय बाजार का ग्रॉस कलेक्शन 399.28 करोड़ रुपये और विदेशी बाजारों से आई कमाई 40.70 करोड़ रुपये रही है।
69वें दिन भी जारी रही कमाई
फिल्म ने अपनी रिलीज के दसवें बुधवार को भी बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने का संकेत दिया है। कारोबार के 69वें दिन फिल्म ने कुल 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसमें अकेले हिंदी वर्जन की हिस्सेदारी 45 लाख रुपये रही, जबकि तेलुगु संस्करण में इस दिन 80 लाख रुपये की कमाई दर्ज की गई।
लंबी अवधि तक कमाई के मामले में बनाया रिकॉर्ड
आमतौर पर फिल्मों का कारोबार शुरुआती हफ्तों के बाद कमजोर पड़ जाता है, लेकिन इस फिल्म ने इसके विपरीत धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ी और सिनेमाघरों से बाहर होने का नाम नहीं ले रही है। रिलीज के इतने हफ्तों बाद भी रोजाना 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करना इसकी लंबी लोकप्रियता को साबित करता है।
इस मामले में 'हनुمان अंश' ने कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। साल 2001 में रिलीज हुई सनी देओल की 'गदर' ने 60 से ज्यादा दिन, 2022 की ऋषभ शेट्टी अभिनीत 'कांतारा' ने 56 दिन और 2025 की 'धुरंधर' ने 52 दिन तक प्रतिदिन 1 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन किया था। इसके अलावा 2017 में आई एसएस राजामौली की 'बाहुबली 2: द कन्क्लूजन' ने 49 दिनों तक यह आंकड़ा पार किया था। इन सभी को पीछे छोड़ते हुए 'हनुमान अंश' सबसे लंबे समय तक प्रतिदिन 1 करोड़ से ज्यादा कमाने वाली फिल्मों की सूची में पहले स्थान पर आ गई है।
