इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी टीम इंडिया आज कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में दूसरे मुकाबले में मेजबान टीम का सामना करेगी। पहले वनडे में भारत ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब भारतीय टीम की नजर दूसरे मुकाबले में जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम करने पर होगी। यदि भारत आज का मैच जीतता है तो वह इंग्लैंड के खिलाफ लगातार चौथी वनडे सीरीज अपने नाम कर लेगा 

भारत का हालिया रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में बेहद शानदार रहा है। टीम इंडिया ने 2021 में घरेलू मैदान पर खेली गई सीरीज 2-1 से जीती थी। इसके बाद 2022 में इंग्लैंड दौरे पर भी 2-1 से सीरीज अपने नाम की। वहीं 2025 में भारत ने इंग्लैंड को अपने घर में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लगातार तीसरी वनडे सीरीज जीती थी। अब टीम के पास लगातार चौथी सीरीज जीतकर इस दबदबे को और मजबूत करने का मौका है।

वही कार्डिफ का मैदान भी भारतीय टीम के लिए शुभ माना जाता है। टीम इंडिया को यहां वनडे क्रिकेट में पिछली हार 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी। इसके बाद भारत ने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका को हराया था। वहीं 2014 में इंग्लैंड को 133 रन के बड़े अंतर से मात देकर अपने शानदार रिकॉर्ड को और मजबूत किया था। ऐसे में आंकड़े भी भारत के पक्ष में नजर आ रहे हैं।

पहले वनडे में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया था। शीर्ष क्रम ने लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया, जबकि गेंदबाजों ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया। टीम मैनेजमेंट चाहेगा कि दूसरे मुकाबले में भी खिलाड़ी उसी लय को बरकरार रखें, ताकि सीरीज का फैसला दूसरे मैच में ही भारत के पक्ष में हो जाए।

भारतीय समय के मुताबिक  यह मुकाबला आज शाम 5:30 बजे शुरू होगा। क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस मैच पर टिकी होंगी, क्योंकि जीत के साथ टीम इंडिया न सिर्फ सीरीज अपने नाम करेगी, बल्कि इंग्लैंड के खिलाफ अपनी लगातार चौथी वनडे सीरीज जीत का रिकॉर्ड भी कायम करेगी।