उज्जैन के श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भस्म आरती के दर्शन और प्रोटोकॉल व्यवस्था को लेकर जोधपुर के चर्चित कंटेंट क्रिएटर 'जोधपुरी परफेक्ट पेयर' ने तीखी नाराजगी जताई है। अभय सिंह चौहान और उनकी पत्नी भूमि चौहान का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों ने मंदिर की दर्शन प्रक्रिया और ऑफलाइन बुकिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ऑनलाइन स्लॉट और ऑफलाइन बुकिंग पर सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कंटेंट क्रिएटर अभय सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि भस्म आरती के ऑनलाइन स्लॉट हमेशा बुक रहते हैं, जबकि ऑफलाइन काउंटर से भी आसानी से परमिशन नहीं मिलती। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने व्यवस्था के बारे में जानकारी ली, तो उन्हें मुख्यमंत्री आवास से सिफारिश पत्र लिखवाने की सलाह दी गई थी।
इस सलाह पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का नाम लेकर व्यवस्था पर तंज कसा। अभय ने कहा कि क्या वे मुख्यमंत्री के रिश्तेदार हैं, जो हर बार सिफारिश लेकर पहुंचेंगे? उन्होंने आगे कहा कि महाकाल के दरबार में दर्शन के लिए आने वाले हर भक्त को समानता और सम्मान मिलना चाहिए, न कि नियमों के नाम पर सिफारिश की मजबूरी से गुजरना पड़े।
जोधपुर से उज्जैन पहुंचे थे क्रिएटर
यह पूरा घटनाक्रम तब सामने आया जब यह कपल दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचा था। मंदिर प्रबंधन की ओर से फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इस वीडियो के आने के बाद तीर्थ दर्शन की व्यवस्थाओं और कड़े प्रोटोकॉल नियमों को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है।
