जोधपुर नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन वापसी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो चुकी है। शहर के कुल वार्डों में से 19 वार्ड ऐसे हैं जहां भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला तय माना जा रहा है। वहीं 23 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं, जहां निर्दलीय और अन्य दलों के प्रत्याशी दोनों प्रमुख दलों का समीकरण बिगाड़ सकते हैं।
नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब राजनीतिक दलों का पूरा फोकस हॉट सीटों पर टिक गया है। जोधपुर नगर निगम के चुनाव राज्य की राजनीति में खासे अहम माने जा रहे हैं, जहां दोनों दलों के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
हॉट सीटों पर दिग्गजों की टक्कर
चुनाव मैदान में उतरे बड़े चेहरों और हॉट सीटों पर कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। वार्ड नंबर 25 से बीजेपी ने पूर्व यूआईटी चेयरमैन कमलेश पुरोहित को मैदान में उतारा है, जिनका मुकाबला कांग्रेस के 27 वर्षीय आनंद राठी से है। आनंद राठी इस चुनाव के जरिए अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर रहे हैं।
सबसे दिलचस्प मुकाबला वार्ड नंबर 40 में माना जा रहा है। यहां बीजेपी की तरफ से पूर्व डिप्टी मेयर देवेंद्र सालेचा और कांग्रेस की ओर से पूर्व जिला अध्यक्ष व पूर्व पार्षद नरेश चंद्र जोशी आमने-सामने हैं। वार्ड नंबर 42 में भी मुकाबला रोचक हो गया है, जहां बीजेपी के मेघराज लोहिया और कांग्रेस जिला अध्यक्ष ओमकार वर्मा के बीच टक्कर है, हालांकि इस सीट पर दो निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में ताल ठोक रहे हैं।
वार्ड 47 में सबसे ज्यादा 13 उम्मीदवार
नामांकन के अंतिम दिनों में दोनों ही दलों के नेताओं ने अपने बागियों को मनाने में काफी मशक्कत की, जिसके बाद कई सीटों पर मुकाबला सीधा हो गया है। हालांकि कुछ वार्डों में बागी और अन्य दलों के प्रत्याशी चुनौती बने हुए हैं।
वार्ड नंबर 47 इस चुनाव में सबसे ज्यादा प्रत्याशियों वाला वार्ड बन गया है, जहां कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस वार्ड में 9 निर्दलीय प्रत्याशियों के अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा वार्ड नंबर 3 में 8, जबकि वार्ड नंबर 48 और 73 में 7-7 उम्मीदवार चुनावी रण में डटे हैं।
बीजेपी का संकल्प पत्र जारी
इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने निकाय चुनावों को लेकर अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। लघु उद्योग भारती कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने पार्टी का एजेंडा रखा।
पार्टी के मुताबिक, निकाय चुनावों में मुख्य रूप से शहरी विकास पर जोर दिया जाएगा। जोधपुर के संदर्भ में पर्यटन को बढ़ावा देने, पेयजल समस्याओं के स्थायी समाधान, रेल कनेक्टिविटी बेहतर करने और सीवरेज तथा अन्य बुनियादी परियोजनाओं को प्राथमिकता सूची में रखा गया है।
