कोटा जिले में पंचायती राज चुनाव की आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले विकास कार्यों की रफ्तार तेज हो गई है.। जिले को एक ही दिन में 214 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है, जिससे ग्रामीण और शहरी इलाकों में बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।.
राज्य सरकार की 2026-27 की बजट घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने के तहत जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में 236 किलोमीटर से ज्यादा लंबाई में सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचे तैयार किए जाएंगे। इन सभी प्रोजेक्ट्स की प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी कर दी गई हैं।
158 करोड़ से ग्रामीण इलाकों में 150 विकास कार्य
जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, मिसिंग लिंक, नॉन-पैचेबल सड़क और पुलिया निर्माण से जुड़े कुल 150 विकास कार्य कराए जाएंगे। इन पर करीब 158.90 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिससे 236.32 किलोमीटर क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
इसके तहत जिले में 45 नॉन-पैचेबल सड़क और 10 मिसिंग लिंक समेत 55 कार्यों पर 62.52 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, क्षतिग्रस्त हो चुकी 49 पुलियाओं के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए 11.59 करोड़ रुपए की मंजूरी मिल चुकी है।
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर ने इन स्वीकृतियों के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और विधायक कल्पना देवी का आभार जताया है।
कोटा शहर में 15 करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट.
ग्रामीण इलाकों के साथ शहरी क्षेत्र में भी कनेक्टिविटी सुधार पर जोर दिया गया है। कोटा उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में कुल 14.99 करोड़ रुपए के सड़क कार्य मंजूर किए गए हैं।
कोटा उत्तर में चार नॉन-पैचेबल सड़क कार्यों पर 5.02 करोड़ रुपए खर्च होंगे। वहीं, कोटा दक्षिण में छह नॉन-पैचेबल सड़कों के लिए 6.82 करोड़ और दो मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट्स के वास्ते 3.15 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
ऊर्जा मंत्री ने किए 56 करोड़ के शिलान्यास
उधर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कोटड़ी ग्राम सेवा सहकारी समिति (लक्ष्मीपुरा) में आयोजित समारोह के दौरान 56.39 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कृषि, बिजली और सड़क तंत्र से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखी।
इस कड़ी में हरिश्चंद्र सागर परियोजना के तीसरे चरण के तहत मुख्य नहर और माइनरों में पक्की लाइनिंग के लिए 21.77 करोड़ रुपए का कार्यादेश जारी कर काम की शुरुआत कराई गई है।.
