स्विगी इंस्टामार्ट पर FSSAI की बड़ी कार्रवाई, खराब अंडे-दूध और एक्सपायरी फूड डिलीवरी की शिकायतों पर 9 नोटिस जारी किये
फूड सेफ्टी रेगुलेटर FSSAI ने क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट को ग्राहकों की शिकायतों के आधार पर 9 नोटिस जारी किए हैं। शिकायतों में सड़े अंडे, खराब दूध और एक्सपायरी डेट वाले पैक्ड फूड आइटम्स की डिलीवरी का आरोप लगाया गया है। FSSAI ने कंपनी से इस पूरे मामले में स्पष्टीकरण और कम्प्लायंस रिपोर्ट मांगी है। तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
FSSAI के अनुसार , कुछ मामलों में ग्राहकों ने आरोप लगाया कि खराब फूड प्रोडक्ट की शिकायत के बाद केवल रिफंड दिया गया, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। एक मामले में बच्चों के खाने का प्रोडक्ट खराब हालत में डिलीवर होने और गलत तरीके से स्टोर किए जाने की शिकायत सामने आई। वहीं, कुछ ग्राहकों ने खराब अंडे, दूध और डैमेज पैकेज्ड फूड मिलने की जानकारी दी।
जांच के दौरान FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट के वेंडर ऑनबोर्डिंग और वेरिफिकेशन सिस्टम में भी कमियां पाई हैं। कुछ फूड बिजनेस ऑपरेटर्स के लाइसेंस नंबर गलत, अमान्य या उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके अलावा कुछ विक्रेताओं को उनके आधिकारिक FSSAI रजिस्ट्रेशन नाम से अलग नामों के तहत लिस्ट किया गया था, जिससे प्रोडक्ट की गुणवत्ता और सप्लाई चेन पर सवाल उठे हैं।
FSSAI ने कहा है कि फूड सेफ्टी से जुड़े मामलों में सिर्फ रिफंड देना पर्याप्त नहीं है। ग्राहक खराब या असुरक्षित खाना मिलने पर FSSAI के Food Safety Connect ऐप या नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बढ़ते क्विक-कॉमर्स मार्केट के बीच फूड क्वालिटी, स्टोरेज और सेफ्टी को लेकर रेगुलेटर अब सख्त रुख अपना रहा है।
