केकड़ी। निकाय चुनाव से पहले केकड़ी और सरवाड़ की राजनीति में बड़ा सियासी उलटफेर सामने आया है। कांग्रेस को एक ही दिन में दो बड़े झटके लगे हैं। केकड़ी नगरपालिका के निवर्तमान पालिकाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता कमलेश साहू तथा सरवाड़ नगरपालिका के पूर्व पालिकाध्यक्ष शंकर सिंह राठौड़ ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं भाजपा पदाधिकारियों ने दोनों नेताओं का भाजपा का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। कमलेश साहू के भाजपा में शामिल होने से केकड़ी की स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने लगे हैं। वहीं शंकर सिंह राठौड़ के भाजपा में आने से सरवाड़ में भी निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। गौरतलब है कि मंगलवार को केकड़ी नगरपालिका के पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं भाजपा नेता अनिल मित्तल ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके ठीक बाद कमलेश साहू और शंकर सिंह राठौड़ के भाजपा में शामिल होने को कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। लगातार हो रहे दलबदल से केकड़ी और सरवाड़ में निकाय चुनाव से पहले दोनों प्रमुख दलों के बीच राजनीतिक मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है। अब आने वाले दिनों में टिकट वितरण और प्रत्याशियों के चयन के साथ इन नए राजनीतिक समीकरणों का असर चुनावी मैदान में देखने को मिलेगा।