मंडला जिले के मोतिनाला थाने के सामने पिछले डेढ़ दशक से अधिक समय से लावारिस हालत में खड़े तीन ट्रकों को स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने कब्जे में ले लिया है। इन वाहनों का पुलिस या किसी अन्य विभाग के पास कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रावधानों के तहत यह कदम उठाया।
यह वाहन करीब 15 से 20 वर्षों से थाने के ठीक सामने धूल फांक रहे थे। इस लंबी अवधि के दौरान कोई भी वाहन मालिक या संबंधित व्यक्ति थाने पहुंचा और न ही किसी ने इन वाहनों पर अपना दावा पेश किया।
पुलिस एक्ट 25 के तहत कार्रवाई
लंबे समय तक कोई दावेदार सामने न आने पर मोतिनाला थाना पुलिस ने अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए पुलिस एक्ट की धारा 25 के तहत तीनों ट्रकों को जब्त कर लिया। वाहनों की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी थी कि उन्हें थाने के सामने से हटाने के लिए कटर से काटकर छोटे हिस्सों में विभाजित करना पड़ा। इसके बाद इन्हें थाने के पीछे सुरक्षित रखवा दिया गया है।
एएसपी ने दी जानकारी
मंडला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इन ट्रकों से जुड़ा कोई भी दस्तावेज या पुराना रिकॉर्ड पुलिस के पास दर्ज नहीं है। इसी लावारिस और संदिग्ध स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी को इन्हें जब्त करने के निर्देश दिए गए थे।
"तीनों ट्रकों का पुलिस के पास कोई रिकॉर्ड नहीं है। थाना प्रभारी को पुलिस एक्ट 25 के तहत इन्हें जब्त कर थाने के पीछे रखवाने और आगे की वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।" — शिवकुमार वर्मा, एडिशनल एसपी, मंडला
पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि ये वाहन इस इलाके में कैसे पहुंचे और इतने वर्षों तक इन्हें यहां क्यों छोड़ दिया गया था। इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
