MP-राजस्थान में मानसून फिर एक्टिव, कई राज्यों में बारिश का कहर 

देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और कई राज्यों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। पिछले दो दिनों में बाढ़ और बारिश से जुड़ी घटनाओं में 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पुंछ और राजौरी के बाढ़ प्रभावित इलाकों में सात लोग अब भी लापता हैं। लगातार खराब मौसम के कारण राहत और बचाव कार्यों में भी बाधा आ रही है। इसी वजह से बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों से अमरनाथ यात्रा लगातार तीसरे दिन भी स्थगित रखी गई है। उधर, असम की राजधानी गुवाहाटी में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड हुई, जिससे नेशनल हाईवे-715 का एक हिस्सा पानी में डूब गया। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के अनुसार असम के 12 जिलों में 1.70 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

मध्य प्रदेश में भी मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के करीब 90 प्रतिशत हिस्से में 23 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। मुरैना, भिंड, दमोह और कटनी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, इंदौर, झाबुआ, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा और खरगोन समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं राजस्थान में करीब दो सप्ताह बाद मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है। जयपुर सहित 33 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई गयी है... वही सीकर में भारी बारिश के कारण सड़कें, बाजार और रेलवे ट्रैक पानी में डूब गए, जबकि कई दुकानों में भी पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है...