जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल पूरी तरह तैयार हो चुका है और अब इसके उद्घाटन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। टर्मिनल को संचालन की मंजूरी देने के लिए नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) की टीम निरीक्षण में लगी है, जो सुरक्षा मानकों, ऑपरेशनल रेडिनेस और यात्री सुविधाओं का विस्तृत आकलन करेगी। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर अगले सप्ताह तक अंतिम फैसला लिया जाएगा। यदि बीसीएएस से मंजूरी मिल जाती है तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ ही जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का भी लोकार्पण करने का अनुरोध किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री 4 जुलाई को जोधपुर पहुंच सकते हैं और नए टर्मिनल का उद्घाटन करने के बाद हेलीकॉप्टर से पचपदरा रिफाइनरी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
आपको बता दे करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बना यह अत्याधुनिक टर्मिनल तीन वर्षों में तैयार हुआ है। पुराने टर्मिनल के पास निर्मित इस नए भवन को आधुनिक मॉड्यूलर डिजाइन और उन्नत निर्माण तकनीक के साथ विकसित किया गया है। टर्मिनल पूरी तरह माइल्ड स्टील आधारित स्ट्रक्चर के तौर पर बनाया गया है और विशाल लाउंज क्षेत्र में केवल छह कॉलम लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को अधिक खुला और सुविधाजनक स्पेस मिल पायेगा उद्घाटन के लगभग एक महीने के भीतर यहां से नियमित उड़ान संचालन शुरू होने की संभावना है। वर्तमान में जोधपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, पुणे और हैदराबाद के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। वहीं 1 जुलाई से अहमदाबाद-जोधपुर रूट को नोएडा तक विस्तारित किया जा रहा है, जिससे जोधपुर के यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र तक बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी। नए टर्मिनल के शुरू होने से न केवल यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है बल्कि पर्यटन, व्यापार और निवेश के क्षेत्र में भी जोधपुर को बड़ा लाभ भी मिल सकता है.....
