अजमेर जिले के नसीराबाद में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में अजमेर रोड स्थित बलवंता जाटिया तिराहे पर भारतीय जनता पार्टी के नए चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया गया। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने फीता काटकर और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कार्यालय की शुरुआत की।
डबल इंजन के साथ पंचायत स्तर तक तालमेल पर जोर
कार्यालय उद्घाटन के मौके पर आयोजित सभा में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और वरिष्ठ भाजपा नेता श्रवण सिंह रावत ने शिरकत की। पंचायत समिति बडल्या क्षेत्र में हुए इस कार्यक्रम में मंत्रियों और नेताओं ने स्थानीय विकास को गति देने के लिए प्रशासनिक समन्वय पर जोर दिया।
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि केंद्र, राज्य, जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्तर तक एक ही विचारधारा की सरकार होने से विकास कार्यों की कड़ियां आपस में जुड़ जाती हैं। इससे आम जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण संभव हो पाता है। उन्होंने स्थानीय मतदाताओं से क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
पेयजल समस्या के समाधान का आश्वासन
बलवंता जाटिया क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पानी की किल्लत का मुद्दा भी कार्यक्रम के दौरान प्रमुखता से उठाया गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री सुरेश सिंह रावत ने भरोसा दिलाया कि इलाके की पेयजल समस्या का जल्द ही स्थायी समाधान कर दिया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन खोड़ा गणेश भाजपा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता और विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी मौजूद रहे।
