ओटीटी पर ‘पंचायत’ और ‘परमानेंट रूममेट्स’ जैसी चर्चित वेब सीरीज से अपनी अलग पहचान बनाने वाले निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा अब बड़े पर्दे पर कदम रखने जा रहे हैं. उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म ‘द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ का टीजर हाल ही में रिलीज किया गया है, जिसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है.
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. इस फैंटेसी-फोकलोर फिल्म में पहली बार बड़े पर्दे पर बिहार के प्रसिद्ध छठ महापर्व को फिल्माया गया है, जिसने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है.
जड़ों और संस्कृति से जुड़ी कहानी
अपनी कहानियों में माटी की खुशबू और ग्रामीण परिवेश को पिरोने के लिए पहचाने जाने वाले दीपक मिश्रा ने ‘द व्वान’ में भी इसी फॉर्मूले को आगे बढ़ाया है. ‘पंचायत’ वेब सीरीज की तरह ही इस फिल्म के मुख्य किरदार में भी आधुनिक सोच और पारंपरिक जड़ों के बीच का द्वंद्व देखने को मिलेगा.
टीजर से संकेत मिलता है कि फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा का किरदार आधुनिक जीवनशैली से ताल्लुक रखता है, जो अपने गांव लौटने के बाद वहां के लोकविश्वासों और संस्कृति का सामना करता है. निर्देशक का मानना है कि चाहे कहानी गांव की हो या किसी रहस्यमयी जंगल की, जब तक वह अपनी जड़ों से जुड़ी न हो, दर्शकों को लंबे समय तक बांधे नहीं रख सकती.
पटना के वन देवी मंदिर से मिला आइडिया
फिल्म की पटकथा के पीछे एक स्थानीय और वास्तविक कथा जुड़ी हुई है. पटना के पास स्थित वन देवी मंदिर के इतिहास और वहां की लोक-कथाओं के बारे में जानने के बाद निर्माताओं को इस प्रोजेक्ट का शुरुआती आइडिया मिला था.
स्थानीय पुजारियों, ग्रामीणों और जानकारों के साथ लंबी चर्चा के बाद इस कहानी को आकार दिया गया. फिल्म के निर्माण से जुड़े लोगों के अनुसार, स्थानीय संस्कृति और मान्यताओं को प्रामाणिक रूप से पर्दे पर उतारने के लिए इस शोध पर विशेष ध्यान दिया गया है.
स्टार कास्ट और रिलीज डिटेल्स
‘द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के अलावा सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी और मनीष पॉल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का टीजर सामने आ चुका है, जबकि इसका ट्रेलर रिलीज होना अभी बाकी है. यह देखना दिलचस्प होगा कि ओटीटी पर अपनी कहानियों से लोगों का दिल जीतने वाले दीपक मिश्रा बड़े पर्दे पर इस फॉकलोर-फैंटेसी जॉनर के साथ कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं.
