मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री आवास पर हुई यह बैठक करीब 20 मिनट तक चली। इस दौरान राज्य के राजनीतिक घटनाक्रम और आगामी स्थानीय चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव संपन्न हो चुके हैं और जल्द ही पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव होने हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे कई मायनों में अहम माना जा रहा है।
मंत्रिपरिषद विस्तार की अटकलें और कैबिनेट प्रस्ताव
इस मुलाकात से एक दिन पहले बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हुई थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल और राष्ट्र निर्माण के सफर पर एक विशेष अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया था।
मंत्रिमंडल की इस बैठक के बाद से ही राज्य में मंत्रिपरिषद के विस्तार को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। दिल्ली में प्रधानमंत्री के साथ हुई इस बैठक में सांगठनिक और प्रशासनिक विषयों पर भी बात होने की चर्चा है।
सुशासन और विकास के सफर पर चर्चा
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने सात अक्टूबर को सरकार के मुखिया के रूप में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे किए हैं। इसी उपलक्ष्य में राजस्थान कैबिनेट ने विशेष प्रस्ताव पारित कर उनका अभिनंदन किया है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुशासन, विकास और विकसित भारत का संकल्प लगातार आगे बढ़ रहा है। जनता के आशीर्वाद से उन्हें गुजरात से लेकर केंद्र तक तीन बार लगातार जनादेश मिला है।
