राजस्थान के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए जल्द ही महंगाई भत्ते (DA) में तीन फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान हो सकता है। इसके साथ ही राज्य सरकार दिवाली से पहले करीब 6 लाख नॉन-गजटेड कर्मचारियों को एडहॉक बोनस देने की तैयारी में जुटी है। वित्त विभाग इन दोनों प्रस्तावों पर तेजी से काम कर रहा है और मुख्यमंत्री की अंतिम मुहर लगते ही इसके औपचारिक आदेश जारी किए जाएंगे।
केंद्र सरकार के तर्ज पर होने वाली इस बढ़ोतरी से राज्य में कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए मौजूदा 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी पर पहुंच जाएगा। इस फैसले से प्रदेश के करीब 8 लाख सरकारी कर्मचारियों और 5.44 लाख पेंशनर्स को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है, जिसमें पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारी भी शामिल हैं।
वेतनमान के हिसाब से हर महीने 500 से 4500 रुपये तक का फायदा
डीए में तीन फीसदी की इस बढ़ोतरी से वेतनमान (L-1 से L-24) के आधार पर कर्मचारियों और अफसरों के वेतन में हर महीने 500 रुपये से लेकर 4,500 रुपये तक की अतिरिक्त बढ़ोतरी होगी।
राज्य सरकार के इस कदम से सरकारी खजाने पर करीब 1,500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक भार आने का अनुमान है। बता दें कि इससे पहले सरकार ने इसी साल अप्रैल में डीए 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया था, जिसमें केंद्र की घोषणा के पांचवें दिन ही राज्य ने मुहर लगा दी थी।
नॉन-गजटेड कर्मचारियों को मिलेगा 7000 रुपये तक दिवाली बोनस
डीए बढ़ोतरी के अलावा सरकार प्रदेश के करीब 6 लाख नॉन-गजटेड कर्मचारियों के लिए दिवाली बोनस के आदेश भी जल्द जारी करने जा रही है।
इस बोनस का दायरा पे-मैट्रिक्स के पे लेवल एल-12 यानी 4800 ग्रेड पे और उससे कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों तक सीमित रहेगा। बोनस की गणना 7,000 रुपये और 30 दिन के महीने के आधार पर की जाएगी, जिससे कर्मचारियों को अधिकतम 7,000 रुपये तक का लाभ मिलेगा। पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी इस दायरे में रखा गया है। अकेले इस बोनस के भुगतान से सरकार पर लगभग 500 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ आएगा।
