राजस्थान में मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। दिन में जहां तेज धूप और चुभती गर्मी परेशान कर रही है, वहीं रात के समय तापमान गिरने से हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, 10 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना है।
10 और 11 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 अक्टूबर से एक्टिव होने वाले पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बीकानेर संभाग के साथ-साथ सीकर और झुंझुनूं जिले में देखने को मिलेगा। इन इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसे लेकर विभाग ने संबंधित जिलों में 10 और 11 अक्टूबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
दूसरी ओर, राजधानी जयपुर में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, गुरुवार को शहर में दिनभर साफ आसमान के बीच धूप खिली रही। हालांकि, हल्की हवाएं चलने की वजह से अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में दिन का पारा 36.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आगामी दो दिनों तक राजधानी में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है।
शेखावाटी में गिरा रात का पारा, पिलानी रहा सबसे गर्म
रात के तापमान में आ रही गिरावट से शेखावाटी अंचल में सिहरन बढ़ने लगी है। सीकर, फतेहपुर और चूरू के साथ-साथ नागौर के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे पहुंच गया है। खासकर सीकर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 18 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जिससे अलसुबह और देर रात हल्की ठंडक महसूस हो रही है। टोंक और सिरोही में भी रात के तापमान में कमी दर्ज की गई है।
दिन के तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश शहरों में पारा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। पिलानी में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चूरू और जैसलमेर में यह 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के वक्त धूप और गर्मी का असर अभी भी बरकरार है।
