राजस्थान में किसानों को बड़ी राहत, अब ऑनलाइन किराए पर मिलेंगे ट्रैक्टर और आधुनिक कृषि यंत्र:
राजस्थान के किसानों के लिए कृषि विभाग ने एक नई व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की है, जिसके तहत अब किसान आधुनिक कृषि यंत्र और ट्रैक्टर आसानी से ऑनलाइन किराए पर ले सकेंगे। कृषि विभाग और टैफे जेफार्म सर्विसेज के बीच होने वाले एमओयू के बाद किसान राज किसान साथी पोर्टल के माध्यम से बिना किसी अतिरिक्त सेवा शुल्क के कृषि उपकरणों की बुकिंग कर सकेंगे। इस व्यवस्था से खासतौर पर छोटे और सीमांत किसानों को फायदा मिलेगा, जिन्हें महंगे कृषि यंत्र खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
वही नई व्यवस्था के तहत खेत की तैयारी, बुवाई, कटाई और फसल कटाई के बाद के कामों के लिए आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। जेफार्म सर्विसेज प्लेटफॉर्म से कस्टम हायरिंग सेंटर , ट्रैक्टर मालिक और किसान उत्पादक संगठन भी जुड़ेंगे, जिससे गांवों में कृषि यंत्रों का नेटवर्क मजबूत होगा।
अब तक किसानों को उपकरण किराए पर लेने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर के चक्कर लगाने पड़ते थे और कई बार समय पर मशीन नहीं मिलने से बुवाई और कटाई जैसे कृषि कार्य प्रभावित होते थे। नई डिजिटल व्यवस्था के चलते किसानों को समय पर ट्रैक्टर और मशीनें उपलब्ध होंगी, जिससे खेती की लागत कम होगी और कृषि कार्य तेजी से पूरे हो सकेंगे।
कृषि विभाग की ओर से किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, किसान गोष्ठियां और कृषि यंत्रों के प्रदर्शन भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा ग्रामीण युवाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों और एग्री-स्टार्टअप्स को भी क्षमता विकास से जोड़ा जाएगा। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक शिवजीराम कटारिया ने बताया कि प्रदेश में पहली बार किसी कृषि यंत्र निर्माता कंपनी के साथ राज्य स्तर पर एमओयू किया जा रहा है, जिससे कृषि यंत्रीकरण और डिजिटल सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में मदद मिल पायेगी।
