नेपाल में अतिवृष्टि और जलप्रलय से हुई जनहानि के बाद राजस्थान से नेपाल गए वरिष्ठ नागरिक यात्रियों के परिजनों में चिंता का माहौल है। इस बीच राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं देवस्थान विभाग मंत्री जोराराम कुमावत ने स्पष्ट किया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।मंत्री कुमावत ने बताया कि राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों के साथ नेपाल के काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन भी कराए जाते हैं। करीब 1333 वरिष्ठ नागरिक यात्रियों को नेपाल भेजा गया था। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद विभाग लगातार यात्रियों से संपर्क बनाए हुए है।उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र काठमांडू और पशुपतिनाथ से करीब 150 किलोमीटर दूर है। काठमांडू में स्थिति सामान्य है। अधिकांश यात्री सुरक्षित हैं, जबकि कुछ यात्री अपनी इच्छा से नेपाल में रुके हुए हैं, उनसे भी संपर्क किया जा रहा है। सभी यात्रियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हवाई मार्ग से सुरक्षित वापस लाया जाएगा।