नसीराबाद। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन महापर्व नसीराबाद एवं आसपास के क्षेत्र में उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पूजा-अर्चना और राखी बांधने का सिलसिला शुरू हो गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर स्नेह और विश्वास की डोर बांधकर उनके सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा, सम्मान और हर परिस्थिति में साथ देने का संकल्प लिया। रक्षाबंधन पर बाजारों में भी कई दिनों से चल रही चहल-पहल पर्व के दिन अपने चरम पर पहुंच गई। शहर के प्रमुख बाजारों में राखी, मिठाई, कपड़े, सौंदर्य प्रसाधन और इलेक्ट्रॉनिक सामानों की दुकानों पर विशेष भीड़ दिखाई दी। आकर्षक डिजाइनों और रंग-बिरंगी राखियों ने महिलाओं एवं युवतियों को खासा आकर्षित किया। बहनें अपनी पसंद की राखी खरीदने में व्यस्त नजर आईं, वहीं भाई भी बहनों के लिए यादगार उपहार खरीदने में पीछे नहीं रहे। बदलते दौर में समय के साथ रक्षाबंधन पर उपहार देने का अंदाज भी बदलता नजर आया। कई भाइयों ने बहनों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए अपनी सामर्थ्य के अनुसार मोबाइल फोन, डिजिटल घड़ी सहित अन्य उपयोगी इलेक्ट्रॉनिक सामान उपहार में दिए। इससे रक्षाबंधन का पर्व केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहकर बहन की जरूरत और सुविधा का ख्याल रखने का माध्यम भी बनता दिखाई दिया। राज्य सरकार की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दिए जाने से बसों में अन्य दिनों की अपेक्षा महिलाओं की विशेष भीड़ रही। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके पहुंचीं और भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर इस पवित्र रिश्ते को मजबूत किया। रक्षाबंधन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि यह पर्व महज भाई की कलाई पर राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि बहन की खुशी, सुरक्षा, सम्मान और जरूरत के समय उसके साथ खड़े रहने का संकल्प लेने का पर्व है।
नसीराबाद में उत्साह से मनाया रक्षाबंधन
आपणो राजस्थान
