राजस्थान के चूरू स्थित प्रसिद्ध सालासर बालाजी धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने नए नियम लागू कर दिए हैं। अब मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। सुजानगढ़ के उपखंड मजिस्ट्रेट (SDM) ओमप्रकाश वर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए तत्काल प्रभाव से इसे लागू करने के निर्देश दिए हैं।
दर्शन के दौरान रील बनाने पर पाबंदी प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मंदिर में दर्शनार्थियों द्वारा फोटो और वीडियो बनाने के कारण अक्सर जाम और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो जाती है। कई श्रद्धालु मंदिर परिसर में मोबाइल से रील बनाते हैं, जिससे न केवल मंदिर की पवित्रता प्रभावित होती है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी खतरा उत्पन्न हो रहा है। हाल के दिनों में सामने आई दुर्व्यवहार की घटनाओं और बढ़ती अव्यवस्था को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने का प्रयास सालासर बालाजी मंदिर देश के उन चुनिंदा हनुमान मंदिरों में से है, जहां बालाजी दाढ़ी-मूंछ वाले स्वरूप में विराजमान हैं। मंदिर की ख्याति देश-विदेश तक फैली है और हर साल लाखों भक्त यहां दर्शन के लिए आते हैं। प्रशासन का मानना है कि मोबाइल और स्मार्ट वॉच पर रोक लगने से मंदिर में भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। इससे श्रद्धालुओं को बिना किसी बाधा के दर्शन का लाभ मिल सकेगा।
