-सागर। शास्त्री वार्ड की बड़ी संख्या में महिलाएं मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे राहतगढ़ ओवरब्रिज पर पहुंचीं और सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। महिलाओं के प्रदर्शन के चलते ओवरब्रिज के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे मोतीनगर से भाग्योदय अस्पताल की ओर जाने वाला मार्ग भी प्रभावित रहा।महिलाओं का आरोप है कि शासकीय राशन विक्रेता द्वारा उन्हें पिछले तीन से चार महीने से राशन नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना था कि रक्षाबंधन सहित अन्य त्योहारों के बीच राशन नहीं मिलने से परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि राशन नहीं मिलने की शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं राशन मिलने का आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन खत्म करने को तैयार नहीं हुईं। प्रदर्शन के दौरान शास्त्री वार्ड के भाजपा पार्षद संजय दुबे भी मौके पर मौजूद रहे।करीब एक घंटे बाद खाद्य विभाग के अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं को राशन उपलब्ध कराने तथा मामले की जांच कर संबंधित राशन विक्रेता के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हुआ।गौरतलब है कि त्योहारों को देखते हुए मध्यप्रदेश शासन ने पात्र हितग्राहियों को दो माह का राशन एक साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में कई महीनों से राशन नहीं मिलने का आरोप गंभीर है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि राशन वितरण में लापरवाही या अनियमितता के लिए जिम्मेदार कौन है और प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।