शहडोल जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब बुनेव कॉलेज तिराहे पर बने दुर्गा प्रतिमा के स्टेज और तस्वीर को लेकर विवाद गहरा गया। मामले में हिंदू संगठनों और स्थानीय नेताओं के उग्र विरोध के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर परिषद के उपाध्यक्ष शेखर चौधरी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
थाने में हनुमान चालीसा पाठ और उग्र प्रदर्शन
बनेव कॉलेज तिराहे पर वर्षों पुराने दुर्गा प्रतिमा स्टेज को तोड़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि लामबंद हो गए। आरोप है कि बुढ़ार नगर परिषद के उपाध्यक्ष शेखर चौधरी ने विरोध प्रदर्शन के दौरान स्टेज पर रखी मां दुर्गा की तस्वीर को कथित तौर पर नीचे पटक दिया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
इस घटना से आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में भाजपा नेता और धर्मप्रेमी बुढ़ार थाने पहुंच गए। थाना परिसर में ही प्रदर्शनकारियों ने बैठकर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया और हनुमान चालीसा व अन्य धार्मिक पाठ किए गए। बढ़ते जनदवाब को देखते हुए पुलिस महकमे ने तुरंत स्थिति को संभाला और कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
BNS की इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बुढ़ार नगर परिषद उपाध्यक्ष शेखर चौधरी और अन्य के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 299, 298 और 196(1)(a) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
दूसरी ओर, जिला प्रशासन ने शुरुआती अफवाहों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक टीम किसी भी तरह का स्टेज तोड़ने मौके पर नहीं पहुंची थी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया में जुटी है।
{ "@context": "https://schema.org", "@graph": [
] }
