शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव में एक घर के अंदर बंद कमरे से मां और बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। दोनों के शव करीब पांच दिन पुराने बताए जा रहे हैं। वारदात के बाद से महिला का पति फरार है और पुलिस को उसी पर हत्या का शक है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घर से लगातार दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने महिला के एक रिश्तेदार को फोन पर सूचना दी। अहमदाबाद में रह रहे रिश्तेदार ने इसकी जानकारी डायल-112 को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां कमरे में दोनों के शव पड़े मिले।
मायके ले जाने की बात पर हुआ था विवाद
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय रुचि रजक और उसकी 50 वर्षीय मां सावित्री (पति प्रेमलाल) के रूप में हुई है। रुचि का मायका सीधी जिले के मझौली इलाके में था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका की मां सावित्री अपनी बेटी को मायके ले जाने के लिए रविवार को नवागांव आई थीं।
इसी बात को लेकर रुचि और उसके पति के बीच तीखी बहस और विवाद होने की जानकारी मिली है। पुलिस का अनुमान है कि इसी विवाद के बाद गुस्से में आकर पति ने पत्नी और सास दोनों की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर के बाहर ताला लगाया और फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने आरोपी पति को रविवार रात ही गांव से कहीं जाते हुए देखा था।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पति की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शहडोल के डीएसपी हेडक्वार्टर राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतका के पति पर ही हत्या का गंभीर संदेह है जो फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के असली कारणों का पूरा खुलासा हो सकेगा।
