पाली जिले के सांडेराव थाना क्षेत्र में सिंदरू के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक CNG से भरे टैंकर में अचानक आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, गनीमत यह रही कि टैंकर चालक समय रहते वाहन से सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
चार दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही सांडेराव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। आग की भीषणता को देखते हुए सुमेरपुर, फालना और रानी से दमकल की गाड़ियों को तुरंत रवाना किया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर एहतियात के तौर पर हाईवे पर यातायात को कुछ देर के लिए नियंत्रित किया, जिससे वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ।
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा खतरा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टैंकर में अचानक तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के चलते आग सुलग उठी थी। चालक ने जैसे ही केबिन में धुआं और आग की लपटें देखीं, उसने बिना देर किए टैंकर को सड़क किनारे रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। दमकलकर्मियों के समय पर पहुंचने और पानी का छिड़काव शुरू करने से आग आसपास के अन्य वाहनों या क्षेत्र तक नहीं फैल सकी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। आग बुझाने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए टैंकर को हाईवे के बीच से हटवाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया।
