मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर महिलाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां एपिसोड सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तीकरण, नशा मुक्त युवा सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर बात रखी। साथ ही, देश के विभिन्न इलाकों के लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव से भी रूबरू करवाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक छोटा आइडिया बड़े बदलाव का कारण बन सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि अपने विचारों और नवाचारों को आगे बढ़ाते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें। उन्होंने महिला सशक्तीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में लगभग 46 प्रतिशत यानी 35 लाख से अधिक लाभार्थी महिलाएं हैं, जो अपने छोटे व्यापार को बड़े कारोबार में तब्दील कर रही हैं।
उन्होंने युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान में जिस प्रकार युवाओं की भागीदारी देखने को मिल रही है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में भी युवा आगे बढ़कर भाग ले रहे हैं और विशेष पहलों के जरिए मिसाल कायम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार मातृशक्ति के लिए कल्याणकारी योजनाएं ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जन-धन खाते, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना एवं पीएम स्वनिधि योजना जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश की महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए महिलाओं को सशक्त करना जरूरी है। यही कारण है कि हमारी सरकार ने पिछले तीनों बजट में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं के साथ रायशुमारी की और उनके सुझावों को बजट में शामिल भी किया। वहीं, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मेधावी छात्राओं को साइकिल एवं स्कूटी वितरित की जा रही हैं। वहीं, गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मा योजना के तहत निशुल्क जांच एवं सोनोग्राफी जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीविका के जरिए महिलाओं का सामाजिक एवं आर्थिक विकास भी सुनिश्चित किया जा रहा है। वहीं, आशा सहयोगनियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है। इसी प्रकार बैंक सखी और पशु सखी जैसी पहलों के जरिए महिलाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
