जयपुर में भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अमरपाल मौर्य ने परिवारवाद को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला।
विरासत की राजनीति पर निशाना
जयपुर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विरासत में मिली सत्ता किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण नहीं कर सकती। कांग्रेस आज भी देशहित के बजाय सिर्फ एक परिवार की चिंता में लगी हुई है।
अमरपाल मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में जनसेवा के माध्यम से देश की संस्कृति और विकास को नई पहचान दी है। एक गरीब परिवार में जन्म लेने के कारण वे आमजन की पीड़ा को भली-भांति समझते हैं। वर्तमान में गरीबों तक राशन पहुँचाना, स्वास्थ्य सुविधाएं देना और बुनियादी ढांचे का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
हरावल दस्ते के रूप में करें काम: मदन राठौड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं को पार्टी का हरावल दस्ता बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से गरीब, पिछड़े और वंचित वर्गों के लिए प्राथमिकता से काम करती रही है।
राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाएं और यह सुनिश्चित करें कि हर पात्र व्यक्ति को उनका लाभ मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी ताकतें समाज को बांटने का प्रयास करती हैं, जबकि भाजपा का लक्ष्य समाज को सशक्त और समृद्ध बनाना है। इसलिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे लोगों को जागरूक करें और सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ें।
अंत्योदय और योजनाओं के प्रसार पर जोर
भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिए जाने के कदम को ऐतिहासिक बताया।
अजेय कुमार ने कहा कि भजनलाल सरकार बिना किसी धार्मिक भेदभाव के 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर काम कर रही है। मोर्चा के कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे ठोस योजना बनाकर डबल इंजन सरकार के कामकाज को जनता तक पहुँचाएं और संगठन तथा समाज के बीच संवाद सेतु की भूमिका निभाएं। 9 अक्टूबर 2026 को हुई इस बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर और ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमावत समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
