अभिजीत दीपके का दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। वे करीब एक घंटे बाद एयरपोर्ट से बाहर आए। अभिजीत जब बाहर आये तब उन्होंने अंबेडकर की किताब को हाथ में उठाया हुआ था , बाहर आने में देरी की वजह सामने अभी तक नहीं आई है। अभिजीत दीपके एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर के लिए निकल गए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधि सौरव दास ने प्रदर्शन की इजाजत पहले ही ले ली थी। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का आज पहला प्रदर्शन है। यह प्रदर्शन NEET-UG पेपर लीक और CBSE, CUET SSC-GD जैसी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ है। पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। CJP ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले समर्थकों के लिए एक गाइडलाइन भी जारी की है। इसमें समर्थकों से सनस्क्रीन लगाकर, नाश्ता करके आने, हाथ में तिरंगा, फूल और किताब लाने जैसी 8 अपील की गई हैं। CJP ने अपने X पर पोस्ट में लिखा कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की इजाजत दे दी है। अब हम सीधे जंतर-मंतर पर इकट्ठा हो सकते हैं और हमें पहले की योजना के अनुसार पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाने की जरूरत नहीं है। अभिजीत दीपके ने दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। दीपके ने कहा- शिक्षामंत्री को इस्तीफा देना चाहिए | कॉकरोच जनता पार्टी को अब तक सोशल एक्टिविक्ट सोनम वांगचुक, एक्टर अतुल कुलकर्णी, दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) पूर्व प्रेसिडेंट रौनक खत्री समेत अन्य लोगों का समर्थन मिला है। सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में भी शामिल होंगे। 15 मई को भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने एक मामले की सुनवाई के दौरान कहा था, ‘कॉकरोच की तरह ऐसे युवा हैं, जिन्हें इस पेशे में रोजगार नहीं मिल रहा है। इनमें से कुछ मीडिया, कुछ सोशल मीडिया और कुछ RTI तथा अन्य तरह के एक्टिविस्ट बन रहे हैं।’
ये हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं। इस बयान के अगले दिन,16 मई को अमेरिका में रह रहे CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी नाम से एक प्लेटफॉर्म बनाया था। तब से यह पार्टी चर्चा में है।






