स्पाइडर-मैन ब्रांड न्यू डे: 31 जुलाई को रिलीज होगी टॉम हॉलैंड की फिल्म, पहले दिन 45 करोड़ तक की कमाई का अनुमान
टॉम हॉलैंड स्टारर हॉलीवुड फिल्म 'स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे' 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है, जिसे देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स इसके पहले दिन 45 करोड़ रुपये तक का कारोबार करने का अनुमान लगा रहे हैं। यह फिल्म भारत में अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।
शानदार एडवांस बुकिंग के दम पर यह फिल्म साल 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज करने की दौड़ में है। जानकारों के मुताबिक, शुरुआती आंकड़े 'बॉर्डर 2', 'वेलकम टू द जंगल' और 'भूत बंगला' जैसी बड़ी बॉलीवुड फिल्मों के पहले दिन के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ सकते हैं।
बदले हुए अंदाज में नजर आएंगे पीटर पार्कर
फिल्म में पीटर पार्कर की जिंदगी पूरी तरह बदली हुई नजर आएगी। कहानी के मुताबिक, अब दुनिया उसे भूल चुकी है और उसके पुराने दोस्त भी उसकी जिंदगी से दूर हो चुके हैं। इस स्थिति में वह अकेले ही शहर को बचाने की जिम्मेदारी उठाता है।
लगातार बढ़ते दबाव के कारण उसके शारीरिक और मानसिक जीवन में बड़े बदलाव आने लगते हैं। इसी बीच शहर पर एक ऐसे रहस्यमयी दुश्मन का खतरा मंडराता है, जिसे कोई देख भी नहीं सकता।
कास्ट और निर्देशन
इस फिल्म का निर्देशन डेस्टिन डेनियल क्रेटन ने किया है। फिल्म के मुख्य कलाकारों में टॉम हॉलैंड के साथ जेंडाया, सेडी सिंक, जैकब बैटलन, जॉन बर्नथल और मार्क रफालो शामिल हैं। हाल ही में रिलीज हुए फाइनल ट्रेलर के बाद से फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
